झारखंड में बन रही है एक अनोखी इमारत!! न ईंट, न बालू, सिर्फ लोहे से तैयार हो रहा है चार सितारा होटल…

Jharkhand: झारखंड की राजधानी रांची में एक अनोखा चार सितारा होटल बन रहा है जो ईंट और बालू से नहीं बल्कि लोहे से तैयार किया जा रहा है। यह होटल रांची के मोरहाबादी इलाके में बन रहा है और इसकी सबसे खास बात यह है कि यह पूरी तरह नट-बोल्ट से जुड़ी है जिससे इसे जरूरत पड़ने पर कहीं और भी शिफ्ट किया जा सकता है।
इस पांच मंजिला इमारत की नींव से लेकर छत तक सभी हिस्से लोहे से बनाए जा रहे हैं। इंजीनियर मोहम्मद मकसूद आलम के अनुसार यह रांची की पहली लोहे की बिल्डिंग है। उन्होंने बताया कि ग्राउंड फ्लोर पर बैंक्वेट हॉल, फर्स्ट फ्लोर पर कॉन्फ्रेंस हॉल और बाकी तीन मंजिलों पर गेस्ट रूम बनाए जा रहे हैं।
इंजीनियर का दावा है कि यह बिल्डिंग सामान्य ईंट-बालू से बनी इमारतों की तुलना में कहीं ज्यादा मजबूत होगी और भूकंप जैसी प्राकृतिक आपदाओं को भी आसानी से झेल सकेगी। सबसे बड़ी बात यह है कि इसे सिर्फ छह महीने में तैयार किया जा सकता है जबकि आमतौर पर पांच मंजिला इमारत बनने में दो साल से ज्यादा का वक्त लग जाता है।
इस तकनीक से इमारत बनाने की लागत भले ही सामान्य बिल्डिंग से करीब 20 फीसदी अधिक है, लेकिन यह अधिक टिकाऊ, मजबूत और दोबारा इस्तेमाल करने योग्य है। इसका मतलब है कि इस बिल्डिंग की रीसेल वैल्यू भी होगी।
पूरा निर्माण कार्य लोहे के ढांचे को जोड़कर किया जा रहा है और काम पूरा होने के बाद देखने में यह किसी सामान्य इमारत की तरह ही नजर आएगी। यह तकनीक भले ही रांची के लिए नई हो, लेकिन देश के अन्य बड़े शहरों में पहले से उपयोग में लाई जा रही है।

