टाटा-रांची रोड पर सरसों तेल लदा ट्रक पलटा, ग्रामीणों में तेल लूटने की होड़…

Jharkhand: रविवार देर रात टाटा-रांची रोड (एनएच-33) पर बुंडू थाना क्षेत्र के पास एक बड़ा सड़क हादसा हुआ। यहां सरसों तेल से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद ट्रक में लदा हाथी ब्रांड सरसों तेल सड़क पर बिखर गया। यह हादसा टोल प्लाजा से लगभग एक किलोमीटर पहले कॉलेज मोड़ के पास हुआ।
ट्रक के पलटते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जमा हो गए और तेल के पैकेट लूटने लगे। देखते ही देखते वहां अफरा-तफरी मच गई और लोग पैकेट लेकर भागने लगे।
मामले की जानकारी मिलते ही बुंडू थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने क्रेन की मदद से ट्रक को सड़क से हटाया ताकि रास्ता साफ हो सके और जाम न लगे।
बताया जा रहा है कि ट्रक टाटा से रांची की ओर जा रहा था। हादसे का कारण बारिश के कारण सड़क पर बने गड्ढे माने जा रहे हैं। इस दुर्घटना में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।


