1000214440

मुहर्रम पर निकला शांतिपूर्ण जुलूस, ‘या हुसैन’ के नारों से गूंज उठी रांची की सड़‍कें…

खबर को शेयर करें
1000214440

Jharkhand: राजधानी रांची में रविवार को मुहर्रम के मौके पर परंपरागत मातमी जुलूस निकाला गया, जो पूरी तरह शांति और सौहार्द के माहौल में सम्पन्न हुआ। दोपहर में जैसे ही जुलूस मेन रोड से होकर गुजरा तेज बारिश शुरू हो गई लेकिन श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नहीं आई। बारिश में भी भीगते हुए लोग इमाम हुसैन की शहादत को याद करते रहे।

इस मौके पर रांची के अलग-अलग हिस्सों से आए ताजिए निशान और अखाड़ों का शहरवासियों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। मातमी धुनों और ‘या हुसैन-या हुसैन’ के नारों से पूरा शहर गूंज उठा। कई जगह मुस्लिम समुदाय के लोग पारंपरिक ढोल-नगाड़ों के साथ सीनाजनी और जंजीरी मातम करते नजर आए।

मुहर्रम इस्लामी कैलेंडर का पहला महीना होता है और यह ग़म, सब्र और बलिदान का प्रतीक माना जाता है। मान्यता है कि दसवीं मुहर्रम के दिन कर्बला की जमीं पर पैगंबर हजरत मोहम्मद के नवासे इमाम हुसैन ने यज़ीद की फौज से लड़ते हुए शहादत दी थी। इसी कारण इसे ‘शहादत का दिन’ कहा जाता है।

जुलूस के मद्देनजर प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। मेन रोड सहित संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल की भारी तैनाती रही। भीड़ नियंत्रण के लिए ट्रैफिक को डायवर्ट किया गया और अधिकारियों ने खुद मोर्चा संभाला। DIG सह रांची पुलिस कप्तान चंदन कुमार सिन्हा के निर्देश पर सिटी एसपी अजीत कुमार, कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय समेत कई अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।

मुहर्रम के इस आयोजन में कई अखाड़ा प्रतिनिधियों ने रांची पुलिस कप्तान को सम्मानित भी किया और शांतिपूर्ण आयोजन के लिए पुलिस प्रशासन की सराहना की।