बारिश में ढहा कच्चा घर, मासूम बच्चे और बुजुर्ग मां की मौत, महिला गंभीर…

Jharkhand: जामताड़ा जिले के नाला प्रखंड स्थित कालीपत्थर गांव में तेज बारिश के चलते बीती रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। गांव निवासी शिवधन हेंब्रम का मिट्टी, पुआल और खपड़ों से बना कच्चा घर अचानक भरभराकर गिर पड़ा। इस हादसे में परिवार के तीन लोग मलबे में दब गए।
हादसे में शिवधन का ढाई साल का मासूम बेटा मौके पर ही दम तोड़ बैठा जबकि उनकी मां की इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं शिवधन की पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिनका एक पैर टूट गया है। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए आसनसोल रेफर किया गया है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि हादसे के बाद काफी देर तक एंबुलेंस नहीं पहुंची जिसके चलते घायलों को निजी वाहन से अस्पताल ले जाया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित सरण, भाजयुमो जिलाध्यक्ष कुणाल सिंह सहित अन्य नेता मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार के लिए तत्काल राहत और मुआवजे की मांग की। सुमित सरण ने यह भी सवाल उठाया कि आखिर अबुआ आवास योजना का लाभ अब तक इस गरीब परिवार को क्यों नहीं मिला।
नाला के सीओ और थाना प्रभारी ने भी मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू करवाए। प्रशासन की ओर से घायल महिला को हरसंभव मदद का भरोसा दिया गया है।
यह हादसा एक बार फिर यह दिखाता है कि प्राकृतिक आपदाओं के समय ग्रामीण इलाकों में सरकारी व्यवस्था कितनी कमजोर है और गरीब परिवार आज भी सरकारी योजनाओं से वंचित हैं।

