जमशेदपुर के सितारामडेरा में कच्चा मकान गिरा, बुजुर्ग महिला समेत तीन लोग घायल, हालत गंभीर…

Jamshedpur news: जमशेदपुर के सितारामडेरा स्थित हुयूम पाइप निर्माण नगर में शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। लगातार बारिश के चलते एक कच्चा मकान अचानक भरभरा कर गिर गया। हादसे के समय परिवार के तीन सदस्य मकान के भीतर सो रहे थे। मलबे में दबने से बुजुर्ग महिला समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना में 82 वर्षीय रेणुका दास उनका बड़ा बेटा विनोद दास (47 वर्ष) और छोटा बेटा पविर दास (40 वर्ष) घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने चीख-पुकार सुनकर तुरंत मलबा हटाया और सभी को बाहर निकाला। इसके बाद घायलों को टेंपो से एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया जहां उनका इलाज जारी है।
रेणुका दास की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे में उनके हाथ और पैर टूट गए हैं। जानकारी के अनुसार रेणुका दास के पति का पहले ही निधन हो चुका है। उनके दोनों बेटे मजदूरी कर किसी तरह घर का खर्च चलाते हैं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि परिवार वर्षों से मिट्टी और खपड़े के जर्जर मकान में रह रहा था। लगातार बारिश के कारण दीवारें कमजोर हो गई थीं और मकान की छत को सहारा देने वाले बांस और रोला भी सड़ चुके थे। इसी वजह से शनिवार सुबह यह दर्दनाक हादसा हो गया।

