कोडरमा में तीन मंजिला इमारत में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख…

Jharkhand: झारखंड के कोडरमा जिले के तिलैया थाना क्षेत्र स्थित भदानी रोड में गुरुवार सुबह एक तीन मंजिला इमारत में भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। यह इमारत मशहूर इलेक्ट्रिक वायरिंग उपकरण विक्रेता मनोज कुमार की बताई जा रही है जिनका गोदाम इसी इमारत के निचले तल्ले में स्थित था।
सुबह लोगों ने जब इमारत से धुआं उठते देखा तो शोर मचाया लेकिन तब तक आग ने विकराल रूप ले लिया था। देखते ही देखते पूरी इमारत आग की चपेट में आ गई। मौके पर दमकल की दो गाड़ियाँ पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू हुआ लेकिन आग की लपटें लगातार फैलती रहीं।
स्थिति को गंभीर देखते हुए प्रशासन ने तीसरी दमकल गाड़ी को भी बुलाया। घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। ऊपरी मंजिलों में रहने वाले सभी लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
इस भीषण आग में गोदाम में रखा लाखों रुपये का इलेक्ट्रिक वायरिंग सामान जलकर राख हो गया। गृहस्वामी मनोज कुमार ने आशंका जताई है कि शॉर्ट सर्किट की वजह से यह हादसा हुआ होगा। फिलहाल दमकल विभाग और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है लेकिन प्रशासन ने बताया कि स्थिति अब पूरी तरह से नियंत्रण में है और कोई जनहानि नहीं हुई है।

