जमशेदपुर में लगेगा भव्य स्वदेशी मेला, 8 अक्टूबर को होगा उद्घाटन, देशभर से आएंगे उद्योगपति और हस्तशिल्पी….

शहर का प्रतिष्ठित स्वदेशी मेला 2025 इस बार 8 अक्टूबर से 16 अक्टूबर तक बिष्टुपुर के गोपाल मैदान में आयोजित किया जाएगा। मेले का उद्घाटन 8 अक्टूबर की शाम 5:30 बजे होगा। उद्घाटन समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे वहीं पूर्वी विधानसभा की विधायक पूर्णिमा साहू समेत कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहेंगे।
मेला संयोजक अशोक गोयल ने बताया कि इस मेले का उद्देश्य भारतीय उद्योग, हस्तशिल्प, सेवाओं और परंपरागत उत्पादों को बढ़ावा देना है। साथ ही “वोकल फॉर लोकल” की भावना को प्रोत्साहित करना भी इस आयोजन का प्रमुख लक्ष्य है।
इस वर्ष मेले में देश के कई राज्यों पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, ओडिशा, बंगाल, गुजरात, तमिलनाडु और बिहार से 300 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे। इन स्टॉल्स में हैंडीक्राफ्ट, हैंडलूम, बांस उत्पाद, टेक्सटाइल, फूड इंडस्ट्री, आयुर्वेदिक उत्पाद, हेल्थ सेक्टर, सोलर सिस्टम, इलेक्ट्रॉनिक्स और खादी उत्पाद प्रमुख आकर्षण रहेंगे।
विशेष रूप से इस बार नेशनल एक्सचेंज स्टॉल की व्यवस्था की गई है जिसमें विश्वविद्यालयों, सामाजिक संस्थाओं, NGO और धार्मिक संगठनों को निशुल्क स्टॉल दिए जाएंगे। बच्चों के मनोरंजन के लिए झूले और फूड स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
मेला प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात 9:30 बजे तक खुला रहेगा और प्रवेश निःशुल्क रहेगा।
इस वर्ष स्वदेशी विश्वविद्यालय का भी एक विशेष प्रकोष्ठ लगाया जाएगा जहां भारतीय शिक्षा प्रणाली, उद्यमिता, पर्यावरण संरक्षण, योग, आयुर्वेद और कृषि नवाचार से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इसके अलावा विभिन्न राज्यों के लोक नृत्य, पारंपरिक गीत-संगीत और नाट्य प्रस्तुतियाँ भी मेले की शोभा बढ़ाएंगी।
प्रेस वार्ता में मेला संयोजक अशोक गोयल के साथ स्वदेशी जागरण मंच के अखिल भारतीय पर्यावरण प्रमुख वंदनकेश सिंह, राष्ट्रीय परिषद सदस्य मनोज कुमार सिंह, सीआईएसएफ संयोजक जयकुमार राउत, सह संयोजक अमित मिश्रा, अभिषेक सेनगुप्ता, अमिताभ सेनगुप्ता और राजलक्ष्मी साहू उपस्थित थे।
मेले के आयोजक स्वदेशी जागरण मंच ने शहरवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर भारतीय परंपरा और आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहित करने वाले इस आयोजन को सफल बनाएं।

