पटमदा में सांप के काटने से दिव्यांग युवक की मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़…

Jharkhand: पटमदा थाना क्षेत्र के बिड़ा गांव निवासी 39 वर्षीय सत्यजीत कालिंदी की सोमवार सुबह सर्पदंश के कारण मौत हो गई। वह अपने परिवार का इकलौता सहारा था और दिव्यांग भी था।
मिली जानकारी के अनुसार रविवार की रात सत्यजीत कालिंदी अपने घर में जमीन पर सो रहा था। रात के करीब 4 बजे उसे अहसास हुआ कि किसी जहरीले सांप ने उसे डंस लिया है। उसने तुरंत अपनी पत्नी दुलाली कालिंदी को इसकी जानकारी दी।
सुबह लगभग 8 बजे परिजन उसे माचा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) लेकर पहुंचे जहां उसे दो इंजेक्शन लगाए गए। लेकिन इलाज के दौरान सुबह करीब 9 बजे उसकी मौत हो गई। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इसके बाद शव का पोस्टमार्टम करवाया गया और शाम तक गांव में ही अंतिम संस्कार कर दिया गया। मृतक के परिवार में पत्नी के अलावा दो बेटियां ममता कालिंदी और लेली कालिंदी हैं।
इस दौरान अस्पताल में बबलू रूहिदास, तपन कुमार महतो, आदित्य कालिंदी, छोटे भाई अजीत कालिंदी व अनिल कालिंदी भी मौजूद थे।
इस संबंध में उपमुखिया गोपाल गोराई ने बताया कि सत्यजीत कालिंदी परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था और दिव्यांग होने के बावजूद मेहनत कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

