जमशेदपुर में रंगदारी और अपहरण की धमकी से जुड़ा मामला हुआ उजागर, दो आरोपी गिरफ्तार

जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र में 13 अक्टूबर को गुप्ता एंड सन्स नामक पेंट दुकान के मालिक बनवारी लाल गुप्ता से दो लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई। अपराधियों ने उनके बेटे का अपहरण कर हत्या करने की धमकी भी दी। बनवारी लाल गुप्ता ने पुलिस को शिकायत दर्ज कराई कि लगातार धमकी भरे कॉल्स आने पर उन्होंने डर के मारे 5000 रुपये अपराधियों को दिए, लेकिन इसके बाद भी उन्हें और पैसे की मांग की जाती रही।
इस मामले में जमशेदपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक विशेष टीम का गठन किया। पुलिस ने इस टीम की मदद से दो आरोपियों हिमांशु तिवारी और युवराज कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया। बता दें कि दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी टेल्को के राम मंदिर के पास से हुआ। गिरफ्तार आरोपियों से रंगदारी के लिए इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन भी बरामद कर लिए गए हैं।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से एक नए आपराधिक गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। इस घटना की जानकारी एसपी ने प्रेस वार्ता कर दी। बता दें गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हिमांशु तिवारी (उम्र 21 वर्ष) और युवराज कुमार सिंह (उम्र 19 वर्ष) के रूप में हुई है। इनके पास से मेट्रोला और एप्पल कंपनी के मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। मामले की जांच में पुलिस उपाधीक्षक भोला प्रसाद सिंह और उनकी टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


