1000216085

बिहार में 24 घंटे में 9 हत्याएं: जादू-टोना, घरेलू विवाद और आपराधिक वारदातों से बिहार में मचा हड़कंप…

खबर को शेयर करें
1000216085

Azad Reporter desk: बिहार में बीते 24 घंटे के भीतर हत्या की चार अलग-अलग वारदातों ने पूरे राज्य को दहला दिया है। पूर्णिया, नालंदा, मुजफ्फरपुर और पटना जिलों में कुल 9 लोगों की हत्या की खबर से सनसनी फैल गई है। इन घटनाओं में जादू-टोना का शक, घरेलू झगड़े और आपसी रंजिश मुख्य कारण बताए जा रहे हैं।

पूर्णिया के टेटमा गांव में जादू-टोना करने के संदेह में एक ही परिवार के पांच लोगों को मौत के घाट उतार दिया गया। आरोप है कि गांव के कुछ लोगों ने पहले उनकी हत्या की और फिर शवों को झाड़ियों में ले जाकर जला दिया।
पूर्णिया के DIG प्रमोद कुमार मंडल ने बताया कि यह घटना रविवार रात की है और मामले की जांच जारी है। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि अन्य की तलाश की जा रही है।

नालंदा जिले के डुमरावां गांव में दो पड़ोसी परिवारों के बीच हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। बच्चों के बीच कहासुनी के बाद बड़े भिड़ गए और गोलीबारी में 22 वर्षीय अन्नू कुमारी और 24 वर्षीय हिमांशु कुमार की मौत हो गई। नालंदा के डीएसपी राम दुलार प्रसाद ने बताया कि घरेलू विवाद ने बड़ी हिंसा का रूप ले लिया मामले की जांच की जा रही है।

मुजफ्फरपुर जिले के मादीपुर में सोमवार तड़के करीब 3 बजे जूनियर इंजीनियर मोहम्मद मुमताज की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के वक्त वे अपने घर पर ही थे और हमलावरों ने परिवार वालों के सामने ही उनकी जान ले ली।

राजधानी पटना के खगौल इलाके में रविवार रात 50 वर्षीय कारोबारी अजीत कुमार को अज्ञात अपराधियों ने गोली मार दी। पुलिस अधीक्षक सिटी (पश्चिम) भानु प्रताप सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।

लगातार एक ही दिन में चार जिलों में हुई 9 हत्याओं ने बिहार की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि सभी मामलों में जांच तेज कर दी गई है और अपराधियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।