1000227206

दिल्ली के 5 स्कूलों को फिर मिली बम की धमकी, तीन दिन में 10 से ज्यादा शिक्षण संस्थानों को भेजे गए धमकी भरे ईमेल…

खबर को शेयर करें
1000227206

Azad Reporter desk: राजधानी दिल्ली में एक बार फिर स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। बुधवार को दिल्ली के पांच बड़े स्कूलों को धमकी भरे ईमेल मिले जिसके बाद स्कूलों को तुरंत खाली कराया गया। मौके पर दिल्ली पुलिस, बम निरोधक दस्ता और फायर ब्रिगेड की टीमें जांच में जुट गईं हालांकि अब तक किसी भी स्कूल से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है।

जिन स्कूलों को धमकी मिली:

  1. सेंट थॉमस स्कूल, द्वारका
  2. वसंत वैली स्कूल, वसंत कुंज
  3. मदर्स इंटरनेशनल स्कूल, हौज खास
  4. रिचमंड ग्लोबल स्कूल, पश्चिम विहार
  5. सरदार पटेल विद्यालय, लोदी एस्टेट

यह सिलसिला यहीं नहीं रुका। पिछले तीन दिनों में दिल्ली के 10 से ज्यादा स्कूलों और कॉलेजों को इस तरह के धमकी भरे ईमेल भेजे जा चुके हैं।

मंगलवार को दिल्ली यूनिवर्सिटी के सेंट स्टीफन कॉलेज और द्वारका के सेंट थॉमस स्कूल को धमकी मिली थी।

सोमवार को चाणक्यपुरी स्थित नेवी चिल्ड्रन स्कूल और सीआरपीएफ स्कूल, द्वारका को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी।

इन ईमेल में कहा गया था कि स्कूल परिसर में RDX और IED जैसी विस्फोटक सामग्री रखी गई है जिससे अफरा-तफरी मच गई। हर बार स्कूल प्रशासन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और सुरक्षा एजेंसियों ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू की।

दिल्ली पुलिस इन सभी मामलों को गंभीरता से ले रही है। ईमेल भेजने वालों की पहचान के लिए साइबर सेल भी जांच में जुटी है। फिलहाल सभी धमकियों को फर्जी माना जा रहा है लेकिन एहतियातन सभी स्कूलों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।