झारखंड की 5 राजनीतिक पार्टियां ‘लापता’, 6 साल से नहीं लड़ा कोई चुनाव, चुनाव आयोग हटाएगा पंजीकरण…

Jharkhand: झारखंड की पांच राजनीतिक पार्टियां पिछले छह वर्षों से न तो कोई चुनाव लड़ीं और न ही चुनाव आयोग को कोई जानकारी दी। अब चुनाव आयोग इन दलों को पंजीकृत राजनीतिक दलों की सूची से हटाने जा रहा है।
भारत निर्वाचन आयोग ने झारखंड की कुल सात राजनीतिक पार्टियों को नोटिस भेजा था जिनमें से सिर्फ दो पार्टियों जनसाधारण पार्टी (रांची) और झारखंड विकास दल (रांची) के प्रतिनिधि आयोग के सामने पहुंचे और उन्होंने शपथपत्र देकर अपने दल का पक्ष रखा।
लेकिन पांच राजनीतिक दलों के न तो कोई प्रतिनिधि पहुंचे और न ही कोई जानकारी दी गई। ये पांच पार्टियां हैं:
- भारत विकास मोर्चा (देवघर)
- भारतीय जनमुक्ति पार्टी (पलामू)
- मानव मुक्ति मोर्चा (पलामू)
- नवजवान संघर्ष मोर्चा (गढ़वा)
- राष्ट्रीय मजदूर किसान प्रजातांत्रिक पार्टी (रांची)
चुनाव आयोग ने इन सातों दलों को 15 जुलाई तक शपथ पत्र भेजने और 22 जुलाई को मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के समक्ष व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर पक्ष रखने का मौका दिया था। इस सूचना को रजिस्टर्ड पते समाचार पत्रों और सोशल मीडिया के माध्यम से भी प्रचारित किया गया था।
अब दो पार्टियों द्वारा दिए गए पक्ष की समीक्षा के बाद चुनाव आयोग इन पांच “लापता” पार्टियों को रजिस्टर से हटाने की प्रक्रिया पूरी करेगा।
सीधा मतलब जो राजनीतिक पार्टियां चुनाव नहीं लड़ रही हैं और आयोग को कोई जवाब नहीं दे रही हैं उन्हें अब मान्यता से हाथ धोना पड़ेगा।

