22 दिन बाद फिर वही जाम! मानगो पुल पर डेढ़ घंटे तक फंसे रहे वाहन, ट्रैफिक व्यवस्था फिर साबित हुई फेल…

Jamshedpur news: जमशेदपुर के मानगो पुल पर बुधवार रात फिर से भारी जाम लग गया। रात 8 बजे से लेकर 9:30 बजे तक सैकड़ों गाड़ियां पुल पर खड़ी रहीं। नया और पुराना दोनों पुलों पर गाड़ियों की लंबी लाइन लग गई थी। मानगो गोलचक्कर से साकची, भुइयांडीह और मरीन ड्राइव जाने वाले सभी रास्तों पर जाम लग गया था।बाइक, स्कूटी, कार और बड़े वाहनों सहित सभी फंसे रहे।
जाम से निकलने की होड़ में कई दोपहिया वाहन चालकों ने जैसे-तैसे रास्ता बनाने की कोशिश की जिससे स्थिति और भी बिगड़ गई। ऊपर से उल्टी दिशा से आ रहे वाहनों ने जाम को और भी गंभीर बना दिया। वहीं कुछ टेंपो चालकों ने अपने वाहन मुख्य सड़क पर ही खड़े कर दिए जिससे आवागमन पूरी तरह रुक गया।
करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद रात 9:30 बजे जाकर स्थिति सामान्य होने लगी और वाहनों की रफ्तार धीरे-धीरे चलने लगी। गौरतलब है कि 21 मई को भी भारी बारिश के बाद मानगो पुल पर करीब तीन घंटे लंबा जाम लगा था जिसमें एक गर्भवती महिला ने एंबुलेंस में ही बच्चे को जन्म दिया था। तब प्रशासन ने ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने के निर्देश दिए गए थे।
लेकिन ठीक 22वें दिन यानी 11 जून को मानगो पुल पर फिर से पुराने हालात लौट आए। इस बार भी ट्रैफिक पुलिस की व्यवस्था पूरी तरह फेल नजर आई। जवान मौके पर मौजूद तो थे लेकिन भीड़ नियंत्रित करने और जाम हटाने में पूरी तरह असफल साबित हुए।
लोगों का कहना है कि पुल पर जाम का मुख्य कारण मेन रोड पर लंबी दूरी की बसों की अवैध पार्किंग और फ्लाईओवर निर्माण कार्य।
21 मई की घटना के बाद ट्रैफिक DSP ने साकची और मानगो ट्रैफिक थाना को रात 11 बजे तक सतर्क रहने का निर्देश दिया था। कुछ दिन तो स्थिति सुधरी लेकिन अब फिर से वही हालात।

