1000217562

बिहार-झारखंड बॉर्डर पर यात्री के बैग से 16 लाख रुपये बरामद, आयकर विभाग करेगा जांच…

खबर को शेयर करें
1000217562

Azad Reporter desk: बिहार-झारखंड सीमा पर स्थित गया जिले के डोभी चेकपोस्ट पर उत्पाद विभाग की टीम ने वाहन चेकिंग के दौरान एक बड़ी कार्रवाई की है। जांच के दौरान एक बस यात्री के बैग से ₹16 लाख की नकदी बरामद की गई है। यह बरामदगी बुधवार को उस समय हुई जब ‘महारानी’ नामक बस को चेकिंग के लिए रोका गया था।

उत्पाद विभाग के सहायक आयुक्त प्रिय रंजन ने जानकारी दी कि झारखंड से आ रही बसों की नियमित जांच की जा रही थी। उसी क्रम में रांची से गया जा रही बस में सवार यात्रियों के बैग कार्टन और बोरियों की तलाशी ली गई। इसी दौरान एक यात्री के बैग से नोटों के बंडल मिले।

पूछताछ में यात्री ने अपना नाम बबलू सिंह बताया और कहा कि वह रांची से गया की ओर यात्रा कर रहा था। जब उससे नकदी के स्रोत के बारे में पूछा गया तो वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। नकदी की गिनती में कुल ₹16 लाख निकले।

छापेमारी टीम का नेतृत्व कर रहे उत्पाद निरीक्षक रामप्रीति कुमार ने बताया कि बबलू सिंह के पास इन पैसों से संबंधित कोई दस्तावेज नहीं था। इसके बाद उसे हिरासत में लेकर पुलिस के हवाले कर दिया गया है।

घटना की सूचना थाना और अंचल अधिकारी को भी दे दी गई है। साथ ही आयकर विभाग को इस बारे में जानकारी दी गई है जो अब आगे की जांच करेगा कि यह पैसा कहां से आया और इसका उपयोग किस उद्देश्य से किया जाना था।