वोटर अधिकार यात्रा का 14वां दिन, अखिलेश यादव और रोहिणी आचार्य भी बने हिस्सा…

Azad Reporter desk: बिहार में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ शनिवार को अपने 14वें दिन में पहुंच गई। आज यह यात्रा सारण से शुरू होकर भोजपुर की ओर बढ़ी। खास बात यह रही कि इस दौरान समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और राजद नेता तेजस्वी यादव की बहन रोहिणी आचार्य भी यात्रा में शामिल हुईं।
भोजपुर जिले की सात विधानसभा सीटों में से चार पर महागठबंधन का कब्जा है लेकिन आरा, बढ़हरा और संदेश सीटों पर स्थिति उतनी मजबूत नहीं मानी जाती। ऐसे में आज की यात्रा इन्हीं इलाकों पर ज्यादा फोकस करती नजर आई। कांग्रेस और महागठबंधन के नेता इस पदयात्रा के जरिए जनता के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं।
राहुल गांधी के साथ इस यात्रा में तेजस्वी यादव, भाकपा माले नेता दीपंकर भट्टाचार्य, वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी समेत कई बड़े नेता भी शामिल हुए। वहीं राष्ट्रीय वॉलीबॉल खिलाड़ी सोनू कुमार के नेतृत्व में 750 खिलाड़ी भी इस पदयात्रा में जुड़े जिन्होंने राहुल गांधी के साथ 14 किलोमीटर की यात्रा तय की।
यात्रा की शुरुआत सारण जिले के दरौंधा स्थित उमाशंकर सिंह कॉलेज से हुई। इसके बाद यह कारवां एकमा चौक, एकमा विधानसभा, छपरा, दाउदपुर और माझी विधानसभा क्षेत्रों से होता हुआ भोजपुर जिले में प्रवेश किया। छपरा शहर में यात्रा ने राजेंद्र कॉलेज, भगवान बाजार, दरोगा राय चौक, राजेंद्र स्टेडियम और जंगा चौक को भी कवर किया।
भोजपुर जिले में यात्रा बबुरा गांव से शुरू होकर जमालपुर, सकड्डी, कायमनगर, सपना सिनेमा मोड़, आरा सदर अस्पताल, शिवगंज और शहीद भवन होते हुए अंबेडकर चौक पहुंची। यहां राहुल गांधी ने डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद वीर कुंवर सिंह स्टेडियम (रमना मैदान) में एक विशाल जनसभा का आयोजन किया गया जहां राहुल गांधी और महागठबंधन के अन्य नेताओं ने जनता को संबोधित किया।

