1000215108

बहरागोड़ा में 12 हाथियों का कहर, खेत, स्कूल और घरों को किया बर्बाद…

खबर को शेयर करें
1000215108

Jamshedpur news: बहरागोड़ा प्रखंड के सांड्रा पंचायत अंतर्गत लुगाहारा जंगलों में 12 जंगली हाथियों का झुंड घुस आया है जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। हाथियों का यह झुंड बीते कुछ दिनों से बेनाशोली, मगड़ोशोल, बल्लमडीही, जुगिशोल और पानीसोल के पास जंगलों में डेरा डाले हुए है।

रविवार देर रात हाथियों ने लुगाहारा मध्य विद्यालय के रसोई घर को तोड़ दिया और गांव में घुसकर कई किसानों राजू महतो, संतोष महतो, मानस महतो, राजनाथ महतो और अनिमेष महतो की बांस और बैंगन की फसल को रौंदकर पूरी तरह नष्ट कर दिया। हाथियों ने रसोई घर में रखा गैस चूल्हा भी तोड़ डाला।

घटना के बाद वन विभाग की टीम और ग्रामीणों ने मिलकर हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ा। वन विभाग लगातार कोशिश कर रहा है कि हाथियों को आबादी से दूर रखा जाए लेकिन हर शाम वे फिर गांव की ओर लौट आते हैं। इससे ग्रामीणों को रातभर हाथी भगाने के लिए जागना पड़ रहा है।

वन विभाग ने लोगों से हाथियों के करीब न जाने की अपील की है लेकिन कई ग्रामीण हाथियों को देखने और उनकी फोटो खींचने के चक्कर में जंगलों में घूमते नजर आ रहे हैं जिससे हाथियों के भड़कने का खतरा बढ़ गया है।

हाथियों ने खेतों में लगे धान के बिछड़ों को भी रौंदकर नष्ट कर दिया है। इससे किसानों को भारी नुकसान हुआ है और वे परेशान हैं।

यह इलाका पश्चिम बंगाल की सीमा से सटा हुआ है और बहरागोड़ा प्रखंड का सबसे अधिक हाथी प्रभावित क्षेत्र माना जाता है। पिछले कई महीनों से यहां जंगली हाथियों का उत्पात जारी है। दिन में वे जंगल में रहते हैं लेकिन रात होते ही गांवों की ओर आकर तबाही मचाते हैं।