झारखंड में 100 नए स्कूल होंगे सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस, 550 करोड़ की योजना तैयार…

Jharkhand : झारखंड सरकार राज्य में शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाने के लिए 100 और स्कूलों को सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस के रूप में अपग्रेड करने जा रही है। इसके लिए स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है और जल्द ही इस प्रस्ताव को कैबिनेट की बैठक में स्वीकृति के लिए पेश किया जाएगा।
इन 100 नए स्कूलों को चिह्नित करने का काम चल रहा है और हर एक स्कूल पर लगभग 5 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इस पूरे प्रोजेक्ट पर लगभग 550 करोड़ रुपये खर्च होने की संभावना है। अभी झारखंड में ऐसे 80 स्कूल पहले से संचालित हो रहे हैं जिन्हें अब बढ़ाकर 180 करने का लक्ष्य तय किया गया है।
स्कूलों को अपग्रेड करने के लिए प्रोजेक्ट की समयसीमा वर्ष 2030 तक बढ़ाई जाएगी। शिक्षा विभाग के सचिव उमाशंकर सिंह ने बताया कि इस पर काम तेजी से चल रहा है और जल्द ही प्रस्ताव कैबिनेट में भेजा जाएगा।
इस साल सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस के छात्रों का प्रदर्शन काफी अच्छा रहा है। इसी को देखते हुए इन स्कूलों की संख्या बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।
राज्य में 325 प्रखंड स्तरीय आदर्श विद्यालय हैं जिनमें से 100 स्कूलों को सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस में बदला जाएगा। इसके अलावा पंचायत स्तर पर भी लगभग 4000 स्कूलों को आदर्श विद्यालय के रूप में विकसित किया जाना है।
शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन पहले ही घोषणा कर चुके हैं कि अगले पांच सालों में 500 सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस खोलने का लक्ष्य है। इस दिशा में सरकार तेजी से कदम बढ़ा रही है।


