Jamshedpur: सोनारी वर्धमान ज्वेलर्स लूटकांड का मास्टरमाइंड बंटी सिंह गिरफ्तार, पलामू गैंग से जुड़ाव की आशंका…

Jamshedpur news: जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र में बुधवार 3 सितंबर दिनदहाड़े वर्धमान ज्वेलर्स में हुई लूटकांड की गुत्थी पुलिस ने लगभग सुलझा ली है। पुलिस ने इस मामले के कथित मास्टरमाइंड बंटी सिंह को हिरासत में लिया है। बंटी सिंह, सोनारी के ही एक कुख्यात अपराधी का भाई बताया जा रहा है।
पुलिस ने पहले ही चांडिल मार्ग स्थित काठजोड़ के तालाब से घटना में इस्तेमाल दोनों मोटरसाइकिलें बरामद कर ली थीं। सूत्रों के अनुसार इस पूरे लूटकांड का संचालन पलामू से किया जा रहा था।
पिछले वर्ष भी सोनारी के एक अन्य ज्वेलरी शॉप पर हुई लूटकांड में इसी गिरोह की संलिप्तता की आशंका जताई गई थी। उस समय गिरोह पलामू से जमशेदपुर आया था लेकिन कोई बड़ी घटना को अंजाम देने में असफल रहकर फरार हो गया था। अब हालिया लूट भी इसी गिरोह से जुड़ी प्रतीत हो रही है। पुलिस का संदेह है कि यह गिरोह राज्य के अन्य इलाकों में भी आपराधिक घटनाओं में शामिल रहा है।
फिलहाल पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है और हर पहलू से मामले की जांच जारी है। अब सबकी निगाहें इस पर हैं कि पुलिस कब पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजती है।

