जमशेदपुर में कोरल तस्करी का हुआ खुलासा, चार तस्कर गिरफ्तार…

जमशेदपुर में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कोरल तस्करी का भंडाफोड़ किया है। गुप्त सूचना के आधार पर DFO सबा आलम अंसारी के निर्देश पर यह छापेमारी की गई। इस दौरान साकची स्थित एक बड़े होटल से कोरल बेचने की फिराक में बैठे चार तस्करों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार किए गए तस्करों में एक आरोपी पश्चिम सिंहभूम का रहने वाला है जबकि बाकी तीन तस्कर रांची के निवासी हैं। इनमें हरिचरण गोप और प्रदीप कैबर्तो के नाम की पुष्टि हुई है। सभी आरोपियों को वन विभाग कार्यालय ले जाकर पूछताछ की जा रही है।
आपको बता दें कि कोरल एक समुद्री जीव है और इसकी खरीद-बिक्री वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत पूरी तरह प्रतिबंधित है। इसके बावजूद जमशेदपुर में पिछले कुछ समय से प्रतिबंधित जीवों और उनके अवशेषों की अवैध तस्करी बढ़ती दिखाई दे रही है।
इससे पहले भी वन विभाग ने आमबगान के एक होटल से तेंदुए की खाल बरामद की थी और उस मामले में सोनारी के एक युवक को गिरफ्तार किया गया था।
वन विभाग की यह कार्रवाई तस्करों पर बड़ी रोक के रूप में देखी जा रही है।


