टाटानगर से चाईबासा और चाकुलिया के लिए मेमू पैसेंजर ट्रेन शुरू, सांसद विद्युत वरण महतो ने दिखाई हरी झंडी…

खबर को शेयर करें
1000196082

Jamshedpur news: रेल यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। टाटानगर से चाईबासा और टाटानगर से चाकुलिया के बीच नई मेमू पैसेंजर ट्रेनों की शुरुआत हो गई है। शुक्रवार को जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो ने टाटानगर रेलवे स्टेशन से इन दोनों ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस मौके पर जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू, रेलवे के डीआरएम तरुण हुरिया, भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु ओझा, उद्योग प्रकोष्ठ अध्यक्ष नीरज सिंह, सोनारी मंडल अध्यक्ष प्रशांत पोद्दार और सांसद प्रतिनिधि संजीव कुमार समेत कई रेल अधिकारी और स्थानीय नेता मौजूद थे।

सांसद विद्युत वरण महतो ने बताया कि यह दोनों ट्रेनें जनता की मांग पर शुरू की गई हैं और वे रेलवे की कई अन्य परियोजनाओं पर भी काम कर रहे हैं जिनका लाभ जल्द लोगों को मिलेगा। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा और लंबे समय से आ रही मांग को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया है।

टाटानगर-चाईबासा मेमू ट्रेन का टाइम टेबल —

•ट्रेन संख्या 68137 टाटानगर से हर रोज रात 8:55 बजे खुलेगी और रात 11:00 बजे चाईबासा पहुंचेगी।

•ट्रेन आदित्यपुर, गम्हरिया, बीरबांस, सीनी, महालीमुरुप, राजखरसावां और पांड्रासाली में एक-एक मिनट रुकेगी।

•वापसी में ट्रेन संख्या 68138 सुबह 3:20 बजे चाईबासा से चलेगी और सुबह 5:45 बजे टाटानगर पहुंचेगी।

टाटानगर-चाकुलिया मेमू ट्रेन का टाइम टेबल —

•ट्रेन संख्या 68128 रविवार छोड़कर हर दिन चलेगी। यह सुबह 11:00 बजे टाटानगर से खुलेगी और दोपहर 12:45 बजे चाकुलिया पहुंचेगी।

•वापसी में ट्रेन संख्या 68127 शनिवार छोड़कर हर दिन चलेगी। यह दोपहर 3:00 बजे चाकुलिया से खुलेगी और शाम 5:00 बजे टाटानगर पहुंचेगी।

•इस ट्रेन का ठहराव सलगाझारी, गोविंदपुर, आसनबनी, राखा माइंस, गालूडीह, घाटशिला, चिरुगोड़ा, धालभूमगढ़ और कोकपाड़ा जैसे स्टेशनों पर होगा।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि इन ट्रेनों के शुरू होने से टाटानगर, चाईबासा, चाकुलिया और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को किफायती और सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलेगा।