झारखंड में प्रशासनिक सुधार की तैयारी: 2010 और 2011 बैच के कई IAS अधिकारी बन सकते हैं प्रभारी सचिव…

Jharkhand: झारखंड में प्रशासनिक अधिकारियों की कमी एक बार फिर स्पष्ट रूप से सामने आने लगी है। वर्तमान में कई वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के पास एक से अधिक विभागों का प्रभार है जिससे उनके ऊपर काम का अत्यधिक दबाव बन गया है। ऐसे में सरकार द्वारा 2010 और 2011 बैच के कुछ IAS अधिकारियों को प्रभारी सचिव नियुक्त किए जाने की तैयारी की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार यह कदम उन अधिकारियों को राहत देने के उद्देश्य से उठाया जा रहा है जो वर्तमान में तीन-तीन या चार-चार विभागों का सचिवीय कार्य संभाल रहे हैं। काम का अत्यधिक बोझ न केवल अधिकारियों की कार्यक्षमता को प्रभावित कर रहा है बल्कि विभागीय कार्यों की गति और गुणवत्ता भी इससे प्रभावित हो रही है।
वर्तमान में शिक्षा विभाग के सचिव उमाशंकर सिंह के पास खाद्य आपूर्ति विभाग का भी अतिरिक्त प्रभार है। इसी तरह अन्य कई वरिष्ठ अधिकारियों को भी एक से अधिक विभागों की जिम्मेदारी दी गई है।इस स्थिति को सुधारने के लिए सरकार द्वारा 2011 बैच के IAS अधिकारियों जैसे राहुल सिन्हा, मंजूनाथ भजंत्री, शशि प्रकाश झा, राजेश्वरी बी. आदि को प्रभारी सचिव बनाए जाने की चर्चा जोरों पर है।
यदि यह निर्णय लिया जाता है तो इससे न केवल वरिष्ठ अधिकारियों को राहत मिलेगी बल्कि विभागीय कामकाज में भी सुधार आने की संभावना है।प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार जल्द ही इस संबंध में आधिकारिक निर्णय लिया जा सकता है और नए प्रभारी सचिवों की घोषणा की जा सकती है।

