शराब घोटाला मामले में IAS विनय चौबे समेत पांच आरोपियों की पेशी हुई आज…
झारखंड: झारखंड के बहुचर्चित शराब घोटाला मामले में गिरफ्तार आईएएस अधिकारी विनय चौबे, तत्कालीन संयुक्त उत्पाद आयुक्त गजेंद्र सिंह सहित पांच आरोपियों की पेशी मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एसीबी कोर्ट में हुई। कोर्ट ने सभी आरोपियों की न्यायिक हिरासत की अवधि बढ़ाते हुए अगली तारीख 9 जून तय की है।
विनय चौबे की ओर से उनके अधिवक्ता ने रिम्स में इलाजरत होने के कारण उनसे मिलने की अनुमति मांगी थी, जिसे कोर्ट ने मंजूरी दे दी।गौरतलब है कि 20 मई 2025 को एसीबी ने आईएएस विनय चौबे और गजेंद्र सिंह को लगभग 38 करोड़ रुपये के शराब घोटाले में गिरफ्तार किया था। दोनों को पहले दो दिन की रिमांड पर लिया गया था, जिसके बाद कोर्ट ने उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।शराब घोटाले की जांच एसीबी ने वर्ष 2024 में प्रारंभिक जांच (PE) दर्ज कर शुरू की थी।
जांच में आरोप सही पाए जाने पर विजिलेंस थाना में कांड संख्या 9/2025 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। बताया जा रहा है कि वर्ष 2022 में लागू की गई नई उत्पाद नीति छत्तीसगढ़ के मॉडल पर आधारित थी, जिसमें छत्तीसगढ़ के सिंडिकेट को फायदा पहुंचाने के लिए ठेका दिया गया। इस घोटाले से राज्य सरकार को लगभग 38 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। इस मामले में अब तक कुल पांच लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है और जांच जारी है।


