शादी समारोह में हंगामा, देर रात लाठी-डंडों से युवक पर हमला
जमशेदपुर: एमजीएम थाना क्षेत्र के मुखिया डांगा गांव में एक शादी समारोह के दौरान मामूली विवाद ने देर रात गंभीर रूप ले लिया। शादी के माहौल में बज रहे डीजे पर कुछ युवकों द्वारा की गई बदतमीज़ी का विरोध करना एक युवक को भारी पड़ गया।
घटना के अनुसार, गांव के निवासी मुन्ना मदार की बहन की शादी थी। समारोह में डीजे बुलाया गया था, जहां कुछ लड़कों ने अभद्रता शुरू कर दी। मुन्ना और उसके दोस्तों ने जब शांतिपूर्वक उन्हें समझाने की कोशिश की, तो बात बहस तक पहुंच गई। हालांकि उस समय मामला ज्यादा नहीं बढ़ा।
लेकिन कुछ ही घंटों बाद, देर रात करीब दो युवक शेखर और रोहित लाठी और रॉड लेकर मुन्ना के घर पहुंचे और उस पर हमला कर दिया। मारपीट में मुन्ना को सिर और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं। परिजन तत्काल उसे इलाज के लिए अस्पताल ले गए।
पीड़ित ने दोनों आरोपियों की पहचान करते हुए एमजीएम थाना में शिकायत दर्ज कराने की बात कहीं है।


