जमशेदपुर के सिदगोड़ा में मात्र 14 वर्षीय बच्चे की हार्ट अटैक से मौत, डॉक्टर भी हुए हैरान…

खबर को शेयर करें
1000193053

Jamshedpur news: जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत 10 नंबर बस्ती में एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। यहां रहने वाले 14 वर्षीय साई की दिल का दौरा यानी कि हार्ट अटैक आने से मौत हो गई। साई डीएवी पब्लिक स्कूल, बिष्टुपुर में कक्षा 9वीं का छात्र था और अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था।

घटना गुरुवार सुबह करीब 8:30 बजे की है। साई रोज़ की तरह शौच के लिए गया था। लौटने के तुरंत बाद उसने सिर में तेज़ दर्द की शिकायत की। परिजन तुरंत उसे इलाज के लिए मर्सी अस्पताल बारीडीह लेकर गए जहां उसकी हालत और बिगड़ गई। उसे ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया लेकिन स्थिति गंभीर होती गई और वह बेहोश हो गया।

डॉक्टरों ने उसे तत्काल टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) रेफर किया। परिजन उसे वहां लेकर पहुंचे लेकिन जांच के बाद डॉक्टरों ने साई को मृत घोषित कर दिया।

परिवार के सदस्य सच्चिदानंद के अनुसार डॉक्टरों ने बताया कि साई की मौत कार्डियक अरेस्ट (दिल का दौरा) के कारण हुई। इतनी कम उम्र में हार्ट अटैक जैसी घटना से डॉक्टर भी स्तब्ध हैं।

सदर अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. रंजीत पांडा का कहना है कि 14 वर्ष की उम्र में हार्ट अटैक अत्यंत दुर्लभ है। इसके पीछे मानसिक तनाव, अनुचित खानपान, और अत्यधिक शारीरिक परिश्रम जैसी वजहें हो सकती हैं।