झारखंड के हाजियों को मिलेगी बड़ी सौगात, अगले वर्ष से रांची से ही होगी फ्लाइट: मंत्री हफीजुल हसन…

Jharkhand: झारखंड सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण एवं जल संसाधन मंत्री हफीजुल हसन अंसारी ने हज यात्रा पर जाने वाले झारखंड के हाजियों के लिए एक बड़ी सौगात की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि अगले वर्ष से झारखंड के हाजियों को हज यात्रा के लिए रांची से ही फ्लाइट की सुविधा मिलेगी जिससे अब उन्हें कोलकाता नहीं जाना पड़ेगा।
यह जानकारी उन्होंने कोलकाता के न्यू टाउन स्थित हज हाउस में दी जहाँ से इस वर्ष झारखंड के 142 हाजी हज यात्रा पर रवाना हुए। मंत्री हफीजुल हसन खुद हज हाउस पहुंचे और हाजियों की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने पश्चिम बंगाल हज कमेटी द्वारा की गई व्यवस्थाओं की सराहना भी की।
इस अवसर पर झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफ़ान अंसारी ने हाजियों को शुभकामनाएं दीं वहीं झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष हाजी हिदायतुल्ला खान ने हाजियों से अपील की कि जब वे पहली बार खाना काबा को देखें तो झारखंड की तरक्की और देश में अमन-चैन की दुआ जरूर करें।
कार्यक्रम में झामुमो नेता शहबाज़ अहमद, फरदीन अहमद समेत अन्य नेता भी मौजूद रहे। राज्य हज कमेटी झारखंड की ओर से हाजियों के लिए पूरी व्यवस्था की गई है ताकि किसी को कोई परेशानी न हो।