DC Dharna
|

जल संकट को लेकर सरयू राय का आंदोलन शुरू, उपायुक्त कार्यालय के बाहर दिया धरना

खबर को शेयर करें

जमशेदपुर: जमशेदपुर के मानगो क्षेत्र में गंभीर जल संकट और शहरभर में बिगड़ती कानून व्यवस्था के खिलाफ मंगलवार को विधायक सरयू राय ने उपायुक्त कार्यालय के समक्ष धरना प्रदर्शन कर राज्य सरकार के खिलाफ अपने आंदोलन की शुरुआत की।

इस विरोध प्रदर्शन में उनके साथ बड़ी संख्या में समर्थक और कई प्रमुख नेता भी मौजूद रहे।पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत विधायक राय ने कहा कि मानगो की बहुप्रतीक्षित पेयजल परियोजना की हालत दिनों-दिन बदतर होती जा रही है। क्षेत्र की जनता पीने के पानी के लिए तरस रही है, लेकिन सरकारी स्तर पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पूरे जमशेदपुर में प्रशासनिक कार्यप्रणाली और विधि व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा चुकी है।

साफ-सफाई और कचरा प्रबंधन व्यवस्था भी ध्वस्त हो चुकी है, जिससे लोगों को रोजमर्रा की जिंदगी में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।विधायक ने साफ तौर पर कहा कि इन समस्याओं के लिए राज्य सरकार और जिला प्रशासन पूरी तरह से जिम्मेदार हैं। उन्होंने बताया कि इन मुद्दों को लेकर उन्होंने रांची में कई बार उच्च अधिकारियों से वार्ता की, लेकिन तमाम आश्वासनों के बावजूद कोई सुधार नहीं हुआ।धरना स्थल से चेतावनी देते हुए सरयू राय ने कहा कि यदि आने वाले दिनों में मानगो में पेयजल संकट दूर नहीं हुआ और शहर की कानून व्यवस्था में सुधार नहीं आया, तो वे एक बड़े जन आंदोलन की ओर कदम बढ़ाएंगे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस आंदोलन की संपूर्ण जिम्मेदारी जिला प्रशासन और राज्य सरकार की होगी।