सरायकेला में एनआईटी जमशेदपुर के छात्र की आत्महत्या से हड़कंप
जमशेदपुर: सरायकेला में एक दुखद घटना सामने आई है जहां एनआईटी जमशेदपुर के एक छात्र ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। ड्रीम सिटी अपार्टमेंट की 11वीं मंजिल से गिरने से कंप्यूटर साइंस के छात्र दिव्यांशु गांधी (20) की मौत हो गई। यह घटना शुक्रवार की देर शाम की है।
सोसायटी के लोगों ने दिव्यांशु को टाटा मेमोरियल हॉस्पिटल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शनिवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है।जानकारी के अनुसार दिव्यांशु कुछ समय से डिप्रेशन में था और बीमारी के कारण वह परीक्षा में शामिल नहीं हो पाया था। इससे वह काफी तनाव में था। दिव्यांशु रांची के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के हवाई नगर का रहने वाला था और उसके पिता ब्रजकिशोर प्रसाद रेलवे में लोको पायलट हैं।इस घटना से एनआईटी जमशेदपुर और स्थानीय समुदाय में शोक की लहर है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दिव्यांशु के परिवार को न्याय दिलाने का प्रयास कर रही है।


