बर्मामाइंस में ध्वस्तीकरण के दौरान हादसा, ईंट चुराने के प्रयास में युवक गंभीर रूप से घायल…
Jamshedpur news: जमशेदपुर के बर्मामाइंस इलाके में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा उस समय घटित हुआ जब पुराने टिस्को क्वार्टर को ध्वस्त किए जाने के दौरान एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार मोहम्मद हिदायत नामक युवक ध्वस्तीकरण स्थल पर पहुंचा और पहले से गिराई जा चुकी इमारत से ईंटें चुराने की कोशिश करने लगा।
इसी दौरान एक असंतुलित दीवार अचानक भरभरा कर गिर गई और वह उसकी चपेट में आ गया।घटना के समय मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवक को तुरंत टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) पहुंचाया जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसके परिजन उसे बेहतर इलाज के लिए बिष्टुपुर स्थित स्टील सिटी अस्पताल में ले गए। युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है।इस घटना ने प्रशासन की लापरवाही और ध्वस्तीकरण स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था की घोर कमी को उजागर कर दिया है।
न तो ध्वस्तीकरण स्थल को ठीक से घेरा गया था न ही आम नागरिकों को वहां से दूर रखने के लिए कोई सुरक्षात्मक उपाय किए गए थे। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि उचित सुरक्षा इंतजाम होते तो इस तरह की घटना को टाला जा सकता था।


