Jamshedpur News : अनुमंडल पदाधिकारी ने वृद्ध आश्रम का किया निरीक्षण, सुविधाओं की ली जानकारी

धालभूम के अनुमंडलाधिकारी शताब्दी मजूमदार ने बुधवार को एमजीएम थाना अंतर्गत गेरूआ स्थित वृद्धाश्रम का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वृद्धजनों से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी भलाई के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण में उन्होंने वृद्धजनों से उनके खानपान, स्वच्छता, और अन्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। वृद्धजनों ने बताया कि आश्रम में समय पर नाश्ता, भोजन और अन्य सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। यहां के वातावरण को लेकर सभी वृद्धजन संतुष्ट दिखे और उन्होंने आश्रम की व्यवस्था की सराहना की।

अनुमंडल पदाधिकारी मजूमदार ने वृद्ध आश्रम के प्रत्येक हिस्से का निरीक्षण किया, जिसमें कमरों, पेयजल व्यवस्था और रसोई घर की स्थिति पर विशेष ध्यान दिया। निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि वृद्धाश्रम में ठंड से बचाव के लिए रजाई और कंबल की व्यवस्था की गई है। भंडारण गृह में पर्याप्त खाद्यान्न की उपलब्धता भी मिली। इसके अलावा, रसोईघर साफ और व्यवस्थित पाया गया। श्रीमती मजूमदार ने संचालक को वृद्ध आश्रम की नियमित साफ-सफाई, पौष्टिक आहार, और वृद्धजनों को यथोचित सुविधाएं प्रदान करने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने यह भी सुनिश्चित किया कि भविष्य में वृद्धजनों की सुविधाओं में कोई कमी न हो।


