Breaking:- टाटानगर रेलवे स्टेशन के पास रेलवे क्वार्टर में भीषण आग, घंटों बाद भी नहीं पाया जा सका काबू

जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना अंतर्गत गुदरी मार्केट स्थित ट्रैफिक कॉलोनी के रेलवे क्वार्टर नंबर 98/1 में शनिवार देर रात अचानक भीषण आग लग गई। घटना टाटानगर रेलवे स्टेशन के पास की है जहां रेलवे के एक गुदरी गोदाम में आग लगी है। आग लगने के कई घंटे बीत जाने के बावजूद इस पर काबू नहीं पाया जा सका है।

आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। आग की भयावहता को देखते हुए दमकल की अतिरिक्त गाड़ियां भी बुलाई गईं। फिलहाल तीन दमकल गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं और लगातार आग बुझाने में जुटी हुई हैं। हालांकि आग तेजी से फैलने के कारण दमकलकर्मियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

जानकारी के अनुसार उक्त रेलवे क्वार्टर के कमरे में रेलवे का बेडरोल, रुई के तकिए, चादर समेत अन्य सामान रखे जाते थे। यहां बेडरोल से संबंधित काम भी किया जाता था। आग की चपेट में आने से गोदाम में रखे कई सामान जलकर खाक हो गए हैं।

घटना के बाद रेलवे प्रशासन की लापरवाही और रेलवे क्वार्टर में रखे सामान की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। साथ ही अग्निशमन व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है और नुकसान का आकलन भी नहीं हो सका है। दमकलकर्मियों द्वारा आग पर काबू पाने का लगातार प्रयास किया जा रहा है।


