Jamshedpur:- नशे और अपराध के खिलाफ जीवनउदय फाउंडेशन की पहल, जागरूकता कार्यक्रम में शामिल हुए गोविंदपुर थाना प्रभारी

जमशेदपुर के मानगो स्थित जीवनउदय फाउंडेशन नशा मुक्ति केंद्र में गुरुवार को नशे की लत और अपराध के बीच संबंधों को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में गोविंदपुर थाना प्रभारी पवन कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने नशामुक्त और अपराधमुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान नशे के दुष्प्रभावों और व्यक्ति, परिवार तथा समाज पर पड़ने वाले इसके नकारात्मक प्रभावों के बारे में लोगों को जागरूक किया गया। बताया गया कि नशे की लत व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित करने के साथ-साथ उसके पारिवारिक जीवन और सामाजिक प्रतिष्ठा पर भी बुरा असर डाल सकती है। इसलिए समय रहते नशे की समस्या को पहचानना और उचित उपचार कराना जरूरी है।
इस दौरान लोगों से नशे से दूर रहने, कानून के प्रति जागरूक बनने और समाज में शांति एवं सद्भाव बनाए रखने की अपील की गई। साथ ही, नशे की लत से जूझ रहे लोगों के प्रति संवेदनशील रवैया अपनाने और उन्हें उचित उपचार, परामर्श, पुनर्वास तथा पारिवारिक सहयोग उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं और आम नागरिकों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना तथा नशे और अपराध से दूर रहने के लिए प्रेरित करना था।
इस मौके पर जीवनउदय फाउंडेशन की ओर से विशाल कुमार, सुजय कुमार, अश्वनी कुमार, आदिल और ओंकार पाठक उपस्थित रहे। सभी ने समाज में नशामुक्त और अपराधमुक्त वातावरण बनाने के लिए जागरूकता अभियान जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई।

