275314

पटमदा में कुछ ही घंटों के भीतर तीन युवकों की मौत, दो सड़क हादसों से मचा कोहराम

खबर को शेयर करें
275314

जमशेदपुर: पटमदा और आसपास के ग्रामीण इलाकों में कुछ ही घंटों के भीतर हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन युवकों की मौत हो गई। शुक्रवार शाम पटमदा-बोड़ाम मुख्य सड़क पर दो बाइकों की टक्कर में गणेश कर्मकार की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि गंभीर रूप से घायल दूसरी बाइक पर सवार राहुल सिंह उर्फ बाबूलाल ने शनिवार सुबह एमजीएम अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं, शनिवार सुबह हलुदबनी पुलिस कैंप के पास कार की चपेट में आने से घायल 16 वर्षीय सुकदेव सिंह की भी इलाज के दौरान मौत हो गई। एक अन्य घायल युवक का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब पौने छह बजे बोड़ाम थाना क्षेत्र के पगदा गांव के पास दो बाइकों के बीच जोरदार टक्कर हो गई थी। हादसे में चुड़दा गांव निवासी गणेश कर्मकार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी, जबकि उनकी पत्नी रानी कर्मकार समेत तीन लोग घायल हो गए थे। दूसरी बाइक पर सवार बोड़ाम थाना क्षेत्र के बोंटा गांव निवासी राहुल सिंह उर्फ बाबूलाल भी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां शनिवार सुबह उनकी मौत हो गई।

वहीं, शनिवार सुबह करीब साढ़े दस बजे हलुदबनी पुलिस कैंप के पास एक अन्य सड़क दुर्घटना हुई। इसमें बोंटा गांव निवासी 16 वर्षीय सुकदेव सिंह कार की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस हादसे में घायल उसके साथी असित महतो का गंभीर हालत में अस्पताल में इलाज चल रहा है।

कुछ ही घंटों के भीतर तीन युवकों की मौत से इलाके में शोक का माहौल है। इन हादसों ने एक बार फिर सड़क पर सावधानी बरतने की जरूरत को सामने ला दिया है।