Jamshedpur:- बर्मामाइंस में भीषण सड़क हादसा, ट्रेलर के पहियों के बीच फंसे बाइक सवार की मौत…

जमशेदपुर के बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के सुनसुनिया गेट एएन के समीप मंगलवार रात करीब 10:40 बजे तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार 27 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान गोविंदपुर के रहारगोड़ा निवासी सागर गोप के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार सागर गोप बाइक से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रेलर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सागर ट्रेलर के पिछले दोनों पहियों के बीच फंस गए। ट्रेलर उन्हें करीब 30 से 40 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने ट्रेलर को रुकवाया। इसी दौरान चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल सागर गोप को इलाज के लिए TMH जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलने के बाद सागर गोप के परिजन टीएमएच पहुंचे। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। वहीं पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार ट्रेलर चालक की तलाश की जा रही है।

जमशेदपुर में बड़े वाहनों की चपेट में आने से लगातार हो रहे हादसे अब गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं। दो दिन पहले ही सिदगोड़ा के एग्रिको सिग्नल के सामने बड़ी गाड़ी की चपेट में आने से एक पिता और बेटे की मौत हो गई थी। वहीं इस साल की शुरुआत में भी बड़ी गाड़ी की चपेट में आने से एक दंपति की जान चली गई थी। ऐसे कई हादसे लगातार सामने आ रहे हैं। सवाल यह है कि आखिर इन हादसों के लिए जिम्मेदार कौन है?


