142768

Jamshedpur:- जुगसलाई में मूलभूत सुविधाओं की बदहाली पर पार्षदों की बैठक, एक सप्ताह में सुधार नहीं हुआ तो धरना-प्रदर्शन…

खबर को शेयर करें
142768

जमशेदपुर:- जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र में सफाई, पेयजल आपूर्ति और स्ट्रीट लाइट जैसी मूलभूत सुविधाओं की दयनीय स्थिति को लेकर पार्षदों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। इसी को लेकर पार्षदों की एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें क्षेत्र की समस्याओं पर चर्चा करते हुए जल्द समाधान की मांग की गई।

142763

बैठक में निर्णय लिया गया कि जुगसलाई क्षेत्र में डोर-टू-डोर कचरा उठाव, सड़कों और नालियों की नियमित सफाई, ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव, फॉगिंग मशीन से मच्छररोधी दवा का छिड़काव, एंटी-लार्वा और डी.डी.टी. का छिड़काव नियमित रूप से कराया जाए। पार्षदों ने बताया कि पिछले कई दिनों से डोर-टू-डोर कचरा उठाव बंद है और सफाई व्यवस्था भी बेहद खराब है। इस संबंध में पिछले महीने कई बार कार्यपालक पदाधिकारी से शिकायत की गई, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिला है और समस्या के समाधान के लिए ठोस पहल नहीं की गई।

142754

इसके अलावा पार्षदों ने जुगसलाई की पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को नगर परिषद के माध्यम से संचालित करने, पानी की गुणवत्ता में सुधार करने और जिन इलाकों में जलापूर्ति बाधित है, वहां समस्या को तत्काल दूर करने की मांग की। वहीं, क्षेत्र में पर्याप्त संख्या में स्ट्रीट लाइट और हाई मास्ट लाइट लगाने तथा खराब लाइटों की समय पर मरम्मत की व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी निर्णय लिया गया।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि एक सप्ताह के भीतर समस्याओं के समाधान के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए तो जुगसलाई नगर परिषद कार्यालय के बाहर सामूहिक शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन और अनशन किया जाएगा। बैठक में कुल 22 में से 16 पार्षद उपस्थित रहे, जबकि अन्य पार्षदों ने फोन के माध्यम से अपनी सहमति जताई।