124245

Jamshedpur:- जुगसलाई में आवारा कुत्तों का बढ़ता आतंक, वार्ड पार्षदों ने डॉग कैचिंग टीम और नसबंदी अभियान की उठाई मांग…

खबर को शेयर करें
124245

जमशेदपुर: जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या और लोगों की सुरक्षा को लेकर वार्ड पार्षद राहत हुसैन (वार्ड-4) और जीशान हुसैन (वार्ड-7) ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने एक ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र में डॉग कैचिंग टीम के गठन, आवारा कुत्तों की नसबंदी (ABC Program) और एंटी-रेबीज टीकाकरण अभियान शुरू करने की मांग की है।

124246

पार्षदों का कहना है कि जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र में 5,000 से अधिक आवारा कुत्ते हैं जिनकी संख्या लगातार बढ़ रही है। इसके कारण बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और आम लोगों का सड़कों पर चलना मुश्किल हो गया है। आए दिन कुत्तों के काटने की घटनाएं सामने आ रही हैं। हाल ही में जुगसलाई में एक युवती पर आवारा कुत्ते ने हमला कर दिया था जिसके बाद कई घंटे तक चले इलाज के बाद उसकी जान बचाई जा सकी।

ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि दिन और रात के समय आवारा कुत्तों के झुंड दोपहिया वाहन चालकों के पीछे दौड़ते हैं जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। राहत हुसैन ने बताया कि वह पिछले पांच वर्षों से इस समस्या को लेकर लगातार प्रशासन और उपायुक्त को ज्ञापन देकर समाधान की मांग करते रहे हैं।

पार्षदों ने कहा कि Animal Birth Control (ABC) Rules, 2023 के तहत सुप्रीम कोर्ट ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को प्रत्येक जिले और नगर निकाय क्षेत्र में पशु जन्म नियंत्रण (ABC) केंद्र स्थापित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (JNAC) में आवारा कुत्तों की नसबंदी और टीकाकरण के लिए वाहन उपलब्ध हैं और एजेंसी के माध्यम से अभियान भी चलाया जा रहा है जिससे कुत्तों की संख्या और काटने की घटनाओं में कमी आई है।

उन्होंने मांग की कि जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र में भी इसी तरह की व्यवस्था जल्द लागू की जाए। साथ ही एक समर्पित डॉग कैचिंग टीम का गठन कर आवारा कुत्तों की नसबंदी और एंटी-रेबीज टीकाकरण अभियान शुरू किया जाए तथा सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुरूप नगर परिषद क्षेत्र में ABC केंद्र स्थापित करने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए।