Breaking:- गम्हरिया रेलवे स्टेशन के पास होटल संचालक पर फायरिंग, कमर में लगी गोली, पुलिस जांच में जुटी

सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गम्हरिया रेलवे स्टेशन के पास मंगलवार रात आपराधिक वारदात सामने आई। रात करीब 10 बजे रेलवे अंडरपास के समीप घर लौट रहे गोराई होटल के संचालक विशाल गोराई पर 8 से 10 की संख्या में आए अज्ञात बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
अचानक हुई गोलीबारी में एक गोली विशाल गोराई की कमर में जा लगी जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़े। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
घटना की जानकारी मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला प्रथम दृष्टया आपसी रंजिश से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है।


