Adityapur News: बास्कोनगर से लापता तीन नाबालिग बच्चियां सकुशल बरामद, परिवार में लौटी खुशी

आदित्यपुर थाना क्षेत्र के बास्कोनगर से लापता हुई तीन नाबालिग बच्चियों को पुलिस ने सुरक्षित खोज निकाला है। बच्चियों के मिलने के बाद उनके परिजनों ने राहत की सांस ली। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया था, जिसने तकनीकी जानकारी और मिले इनपुट के आधार पर पश्चिमी सिंहभूम में अभियान चलाकर तीनों बच्चियों को बरामद किया।
जानकारी के अनुसार चार बच्चियां घूमने जाने की बात कहकर घर से निकली थीं। इनमें से एक बच्ची कुछ देर बाद लौट आई, जबकि बाकी तीन का कोई पता नहीं चल पाया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस लगातार उनकी तलाश में जुटी रही। सभी जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बच्चियों को उनके परिवार के हवाले कर दिया गया है। पुलिस अब यह जानने की कोशिश कर रही है कि उनके लापता होने की असली वजह क्या थी।

