Jamshedpur scrap dealer arrested: फर्जी बिलों से टैक्स चोरी के आरोप में स्क्रैप कारोबारी अजय शर्मा गिरफ्तार, डीजीजीआइ की जांच तेज

JAMSHEDPUR : डायरेक्टर जनरल ऑफ जीएसटी इंटेलिजेंस (डीजीजीआइ) की टीम ने बुधवार को बारीडीह निवासी स्क्रैप कारोबारी अजय शर्मा को कथित टैक्स चोरी के मामले में गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि फर्जी बिलों का इस्तेमाल कर जीएसटी से जुड़े नियमों का उल्लंघन किया गया।
डीजीजीआइ की जांच के अनुसार अजय शर्मा का नाम स्क्रैप कारोबार से जुड़े उस कथित टैक्स चोरी नेटवर्क की जांच के दौरान सामने आया जिसमें पहले भी कई कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई हो चुकी है। जांच एजेंसी का कहना है कि यह मामला स्क्रैप कारोबारी विक्की भालोटिया शिव देवरा और अमित गुप्ता से जुड़े प्रकरण से संबंधित है। इसी आधार पर टीम ने अजय शर्मा के ठिकानों पर छापेमारी की और पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद डीजीजीआइ की टीम उन्हें मेडिकल जांच के लिए एमजीएम अस्पताल ले गई। स्वास्थ्य परीक्षण पूरा होने के बाद उन्हें न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू की गई।
गौरतलब है कि इसी मामले में स्क्रैप कारोबारी विक्की भालोटिया शिव देवरा और अमित गुप्ता पिछले करीब एक वर्ष से रांची जेल में बंद हैं। डीजीजीआइ अब अजय शर्मा की कथित भूमिका के साथ-साथ इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

