JHARKHAND : चाकुलिया–मटिहाना मुख्य सड़क पर चार हाथियों का दल पहुंच कुछ देर थमा यातायात, लोगों से सतर्क रहने की अपील

Chakulia : पूर्वी सिंहभूम के चाकुलिया क्षेत्र में बुधवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब चार जंगली हाथियों का एक दल जंगल से निकलकर अचानक चाकुलिया मटिहाना मुख्य सड़क पर आ पहुंचा। हाथियों के सड़क पर आने से चाकुलिया बहरागोड़ा मार्ग पर कुछ समय के लिए वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। बाद में हाथियों को सुरक्षित तरीके से सड़क पार कराकर जंगल की ओर भेजा गया जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।
इस दौरान कुछ युवकों को हाथियों के काफी करीब जाकर शोर मचाते और उन्हें परेशान करते हुए भी देखा गया। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में हाथियों का दल सड़क पार करता नजर आ रहा है जबकि कुछ लोग उनके आसपास शोर-शराबा कर रहे हैं। इससे हाथियों के व्यवहार में अस्थिरता भी दिखाई दी।
वन विभाग ने एक बार फिर लोगों से अपील की है कि जंगली हाथियों के दिखने पर उनके नजदीक न जाएं फोटो या वीडियो बनाने के लिए जोखिम न उठाएं और उन्हें सुरक्षित रूप से आगे बढ़ने का रास्ता दें। अधिकारियों का कहना है कि दल में एक शावक (बच्चा हाथी) भी शामिल है इसलिए ऐसी स्थिति में हाथी अधिक संवेदनशील और आक्रामक हो सकते हैं। लोगों से सावधानी बरतने और वन विभाग के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।

