RANCHI : रांची में बड़े बिल्डर रडार पर, पनास रियल्टर्स और दयानंद मोदी ग्रुप के ठिकानों पर आयकर विभाग की छापेमारी

RANCHI : रांची के रियल एस्टेट सेक्टर में बुधवार को उस समय हलचल मच गई जब आयकर विभाग (आईटी) ने पनास रियल्टर्स और दयानंद मोदी ग्रुप से जुड़े कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की। कार्रवाई के दौरान कंपनियों के कार्यालयों के साथ-साथ उनके पार्टनर्स और निदेशकों के आवासों पर भी जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार आयकर विभाग को इन दोनों समूहों के खिलाफ कथित टैक्स चोरी और वित्तीय अनियमितताओं की शिकायतें मिल रही थीं। प्रारंभिक जांच में कुछ संदिग्ध वित्तीय लेन-देन सामने आने के बाद विभाग ने गोपनीय तरीके से कार्रवाई की योजना बनाई और एक साथ कई स्थानों पर टीमों को भेजा।
छापेमारी की शुरुआत पनास रियल्टर्स के रातू रोड स्थित कार्यालय से हुई। अधिकारियों ने कार्यालय में मौजूद दस्तावेजों की जांच शुरू की और कई वित्तीय रिकॉर्ड अपने कब्जे में लिए। इसके अलावा कंप्यूटर हार्ड डिस्क और अन्य डिजिटल उपकरणों की भी जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि आईटी विशेषज्ञ डिजिटल डेटा और वित्तीय लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड की पड़ताल में जुटे हैं।
सूत्रों के मुताबिक जांच का दायरा कंपनी के प्रमुख साझेदारों और निदेशकों तक भी बढ़ाया गया है जहां तलाशी अभियान जारी है।
पनास रियल्टर्स रांची के प्रमुख रियल एस्टेट डेवलपर्स में शामिल है और शहर के कई प्रमुख आवासीय एवं व्यावसायिक प्रोजेक्ट्स से जुड़ा हुआ है। ऐसे में इस कार्रवाई के बाद रियल एस्टेट सेक्टर में चर्चा तेज हो गई है। फिलहाल आयकर विभाग की ओर से छापेमारी को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है और जांच जारी है।

