चतरा न्यूज: रंगदारी के लिए बड़ी वारदात की साजिश नाकाम, राहुल दुबे गिरोह के तीन सदस्य गिरफ्तार

टंडवा और पिपरवार पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए रंगदारी वसूली के लिए बड़ी आपराधिक वारदात की तैयारी कर रहे राहुल दुबे गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी कोयला क्षेत्रों में फायरिंग और आगजनी जैसी घटनाओं को अंजाम देने की योजना बना रहे थे।
गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक देसी पिस्टल, एक देसी कट्टा, छह जिंदा कारतूस, तीन मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस ने सभी सामान जब्त कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
पूछताछ में पता चला कि आरोपी चतरा, रामगढ़, रांची और हजारीबाग के कई कोयला क्षेत्रों की रेकी कर रहे थे। उनका मकसद डर फैलाकर लेवी वसूलना था। मामले में पिपरवार थाना में प्राथमिकी दर्ज कर तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

