JHARKHAND : ऑपरेशन प्रहार में बड़ी कार्रवाई: उलीडीह से 50 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ गालूडीह का युवक गिरफ्तार

JAMSHEDPUR : पूर्वी सिंहभूम के एसएसपी के निर्देश पर जिलेभर में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत उलीडीह ओपी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर एनएच-33 स्थित सुवर्णरेखा आवासीय शिविर के मैदान में छापेमारी कर पुलिस ने एक युवक को 50 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, 12 जुलाई को सूचना मिली थी कि कुछ युवक मैदान में अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री के लिए एकत्र हुए हैं। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस अधीक्षक (नगर) के निर्देशन और पुलिस उपाधीक्षक पटमदा दयानंद कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से एक युवक को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान गालूडीह थाना क्षेत्र के सालबनी निवासी आशीष विशोई (31) के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि वह ब्राउन शुगर आदित्यपुर से लाकर इलाके में बेचने की तैयारी में था।
पुलिस ने आरोपी के पास से ब्राउन शुगर की 50 पुड़िया (कुल वजन 2.48 ग्राम) बरामद की है। इस मामले में उलीडीह ओपी में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

