JAMSHEDPUR : राहुल बच्चा हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता फरार हिस्ट्रीशीटर विक्की सिंह बिरसानगर से गिरफ्तार

JAMSHEDPUR : बहुचर्चित राहुल सिंह उर्फ राहुल बच्चा हत्याकांड में जमशेदपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले में फरार चल रहे प्राथमिकी अभियुक्त विक्की सिंह उर्फ अप्पा राव उर्फ बल्लू (24) को पुलिस ने बिरसानगर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था।
जानकारी के अनुसार, 8 जुलाई की शाम करीब 7:30 बजे गुरुद्वारा रोड स्थित मजार के पास राहुल सिंह उर्फ राहुल बच्चा पर डंडे, पत्थर और लकड़ी से हमला करने के बाद गोली मारकर उसकी हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद मृतक के भाई की शिकायत पर मानगो थाना में हत्या और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (नगर) की निगरानी में सहायक पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय-1) ऋषभ त्रिवेदी के नेतृत्व में गठित विशेष टीम लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी। तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने 12 जुलाई को बिरसानगर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर विक्की सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है।
पुलिस ने बताया कि इस हत्याकांड में इससे पहले साहेब सिंह उर्फ सब्बे सौरभ दत्ता उर्फ बंगाली अफताब अली बाबा और अमरजीत प्रसाद उर्फ पाण्डेय को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी विक्की सिंह का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ वर्ष 2022 में सिदगोड़ा थाना, वर्ष 2023 में उलीडीह/मानगो थाना तथा वर्ष 2025 में मानगो थाना में विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत कई मामले दर्ज हैं। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई और अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।

