JHARKHAND: सीतारामडेरा में महिला ड्रग्स पैडलर समेत तीन गिरफ्तार घर से चल रहा था ब्राउन शुगर का कारोबार

JAMSHEDPUR : शहर में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सीतारामडेरा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला ड्रग्स पैडलर उसके बेटे और एक विधि-विरुद्ध निरुद्ध बालक को गिरफ्तार किया है। तीनों पर घर से ही ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री करने का आरोप है। पुलिस ने मौके से 4.32 ग्राम ब्राउन शुगर 38 पुड़िया मादक पदार्थ और 4,820 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार 12 जुलाई की शाम सूचना मिली थी कि ह्यूमपाइप स्थित इंद्रानगर निवासी भारती कैबर्तो अपने दोनों बेटों के साथ घर से ब्राउन शुगर की बिक्री कर रही है। सूचना का सत्यापन होने के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर और सहायक पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय-प्रथम) की निगरानी में सीतारामडेरा थाना प्रभारी आनंद कुमार मिश्रा के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।

गठित टीम ने त्वरित छापेमारी कर भारती कैबर्तो (40) उसके पुत्र विशाल कैबर्तो (22) और एक विधि-विरुद्ध निरुद्ध बालक को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान 38 पुड़िया ब्राउन शुगर कुल 4.32 ग्राम मादक पदार्थ और 4,820 रुपये नकद बरामद किए गए।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार महिला भारती कैबर्तो एक पेशेवर ड्रग्स पैडलर है और पहले से अपने परिवार के सदस्यों के साथ अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री में संलिप्त रही है। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत सीतारामडेरा जुगसलाई और सोनारी थाना में कई मामले पहले से दर्ज हैं। वहीं उसके पुत्र विशाल कैबर्तो के खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट के दो मामले दर्ज हैं। पुलिस ने तीनों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

