जमशेदपुर न्यूज: महिला ने फ्लैट पर कब्जा और धार्मिक ग्रंथ के अपमान का आरोप लगाकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की

जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने कुछ लोगों पर उनके फ्लैट पर जबरन कब्जा करने, मारपीट करने और धार्मिक ग्रंथ का अपमान करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने इस संबंध में पुलिस को लिखित शिकायत देकर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
महिला का आरोप है कि 30 जून को कई लोग उनके फ्लैट पर पहुंचे और ग्रिल व दरवाजा काटकर जबरन अंदर घुस गए। उन्होंने दावा किया कि आरोपियों ने उनके पति के साथ मारपीट की, घर का सामान बाहर फेंक दिया और उन्हें जबरन ले जाने की भी कोशिश की। किसी तरह पड़ोसियों की मदद से उन्होंने अपनी जान बचाई।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि इस दौरान उनके पवित्र धार्मिक ग्रंथ का अपमान किया गया, जिससे उनकी धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। महिला का कहना है कि घटना के समय पुलिस से मदद मांगी गई थी, लेकिन समय पर सहायता नहीं मिली। उन्होंने पुलिस से फ्लैट को कब्जे से मुक्त कराने और मामले में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

