IMG 1616

पश्चिमी सिंहभूम न्यूज: जिले में पहली बार होगी फ्रेंचाइजी टी-20 लीग, सितंबर में छह टीमें लेंगी हिस्सा

खबर को शेयर करें
IMG 1616

पश्चिमी सिंहभूम में पहली बार फ्रेंचाइजी आधारित टी-20 क्रिकेट लीग आयोजित की जाएगी। जिला क्रिकेट संघ ने सितंबर के तीसरे सप्ताह में इस प्रतियोगिता के आयोजन का फैसला लिया है। लीग का आयोजन आईपीएल की तर्ज पर होगा, जिसमें छह फ्रेंचाइजी टीमें हिस्सा लेंगी।

संघ के अनुसार प्रतियोगिता 10 दिनों तक चलेगी और इसमें कुल 18 मुकाबले खेले जाएंगे। लीग चरण के बाद शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी, जबकि विजेता का फैसला फाइनल मुकाबले से होगा। इस टूर्नामेंट में केवल जिला क्रिकेट संघ से पंजीकृत खिलाड़ी ही भाग ले सकेंगे।

प्रतियोगिता को और आकर्षक बनाने के लिए झारखंड के कुछ अनुभवी खिलाड़ियों को आइकॉन खिलाड़ी के रूप में शामिल किया जाएगा। साथ ही फ्रेंचाइजी तय होने के बाद खिलाड़ियों की नीलामी भी कराई जाएगी, जिसका सीधा प्रसारण करने की तैयारी है।