1000274395

UP: भाजपा नेत्री दीपाली तिवारी का नया आरोप बोलीं- धमकाकर कराया गया समझौता वोटर लिस्ट से नाम हटाने का भी लगाया आरोप

खबर को शेयर करें
1000274395



उत्तर प्रदेश के महोबा में भाजपा नेत्री दीपाली तिवारी का मामला एक बार फिर चर्चा में है। दो महीने पहले भाजपा जिलाध्यक्ष मोहनलाल कुशवाहा पर पद और टिकट के बदले शारीरिक संबंध बनाने की मांग का आरोप लगाने वाली दीपाली ने अब नया वीडियो जारी कर दावा किया है कि उनसे दबाव और धमकी देकर समझौता कराया गया था।

दीपाली का आरोप है कि जांच के दौरान उन्हें पहले संगठन में पद देने का लालच दिया गया। जब उन्होंने इनकार किया तो पति को जेल भेजने और बच्चों का भविष्य बर्बाद करने की धमकी दी गई। परिवार की सुरक्षा को देखते हुए उन्हें मजबूरी में समझौता करना पड़ा।

उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें उम्मीद थी कि पार्टी निष्पक्ष जांच करेगी लेकिन बार-बार समझौते के लिए दबाव बनाया गया। साथ ही उन्होंने उन अफवाहों को भी खारिज किया जिनमें कहा गया था कि उन्होंने 10 लाख रुपये लेकर मामला खत्म कर दिया। दीपाली का कहना है कि उन्हें कोई पैसा नहीं मिला और कार्रवाई का आश्वासन भी पूरा नहीं हुआ।

अपने नए वीडियो में दीपाली ने एक और गंभीर आरोप लगाया है। उनका दावा है कि मतदाता सूची पुनरीक्षण के दौरान उन्हें फार्म-7 देकर कुछ मुस्लिम और यादव समाज के लोगों के नाम वोटर लिस्ट से हटाने के लिए कहा गया। उन्होंने कहा कि बीएलओ से जानकारी लेने पर संबंधित लोगों के दस्तावेज सही पाए गए इसलिए उन्होंने ऐसा करने से इनकार कर दिया। उनके मुताबिक पार्टी नेताओं ने इसे ऊपर से आया आदेश बताया।

दीपाली ने भाजपा संगठन पर एक महिला को न्याय न देने का आरोप लगाते हुए ऐलान किया कि वह उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के खिलाफ सिराथू विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगी।

वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष मोहनलाल कुशवाहा ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उनका इन आरोपों से कोई संबंध नहीं है। भाजपा की ओर से दीपाली के नए आरोपों पर फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।