रांची के हाई रिस्क गांव में टीबी जांच शिविर, 110 लोगों की स्क्रीनिंग, दो संदिग्ध मिले

रांची में टीबी उन्मूलन अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग ने उलीडीह के एक हाई रिस्क गांव में विशेष जांच शिविर लगाया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की गई और जरूरतमंद लोगों का हैंड एक्स-रे भी कराया गया।
अभियान के दौरान 110 लोगों की टीबी स्क्रीनिंग की गई। जांच में खांसी, बुखार, कमजोरी, वजन कम होने जैसे लक्षणों के बारे में जानकारी ली गई। इनमें से 52 लोगों का एक्स-रे किया गया।
एक्स-रे रिपोर्ट के आधार पर दो लोगों में टीबी की आशंका सामने आई है। दोनों को बलगम जांच के लिए सैंपल देने की प्रक्रिया शुरू कराई गई है। रिपोर्ट आने के बाद बीमारी की पुष्टि होने पर उनका मुफ्त इलाज शुरू किया जाएगा।
शिविर के दौरान स्वास्थ्यकर्मियों ने ग्रामीणों को टीबी के लक्षणों और समय पर जांच कराने के महत्व के बारे में भी जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि सरकारी अस्पतालों में टीबी का इलाज पूरी तरह निशुल्क उपलब्ध है।

