IMG 1380

गिरिडीह न्यूज़: तालाब में डूबने से दूसरी कक्षा के छात्र की मौत, परिवार ने स्कूल पर लगाए लापरवाही के आरोप

खबर को शेयर करें
IMG 1380

गिरिडीह जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में दूसरी कक्षा में पढ़ने वाले आठ वर्षीय छात्र फरहान अंसारी की तालाब में डूबने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि फरहान रोज की तरह अपने भाई-बहनों के साथ स्कूल गया था, लेकिन स्कूल पहुंचने के बाद वह कुछ बच्चों के साथ चुपचाप पास के तालाब चला गया, जहां यह हादसा हो गया।

घटना के बाद आसपास के लोगों ने बच्चे को तालाब से निकालकर तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया और परिजन व ग्रामीण बड़ी संख्या में स्कूल पहुंच गए। उन्होंने स्कूल प्रबंधन पर बच्चों की सुरक्षा में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए विरोध जताया।

परिजनों का कहना है कि स्कूल आने के बाद बच्चों की जिम्मेदारी विद्यालय की होती है। उनका आरोप है कि यदि बच्चों की सही तरीके से निगरानी होती तो यह हादसा नहीं होता। वहीं स्कूल की शिक्षिका ने बताया कि घटना के समय वह अकेली थीं और दूसरे शिक्षक छुट्टी पर थे, इसलिए उन्हें बच्चे के स्कूल से बाहर जाने की जानकारी नहीं मिल सकी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद इलाके में स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।