चक्रधरपुर में ब्राउन शुगर सिंडिकेट का भंडाफोड़ 75 पुड़िया के साथ पांच धंधेबाज गिरफ्तार

CHAIBASA : पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर में पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 75 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर इस कार्रवाई को अंजाम दिया. मामले में बीएनएस और एनडीपीएस एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है.
जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि चक्रधरपुर थाना क्षेत्र की पुरानी बस्ती स्थित एक मकान में ब्राउन शुगर की बिक्री की तैयारी चल रही है. सूचना के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डॉ. सैयद मुस्तफा हाशमी के निर्देश पर थाना प्रभारी अवधेश कुमार के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया.
छापेमारी के दौरान पुलिस को देखकर भाग रहे शेखर सुमन साहू और शुभम वर्मन को गिरफ्तार कर लिया गया. तलाशी में शेखर सुमन के पास से 40 पुड़िया (11.1 ग्राम) और शुभम वर्मन के पास से 10 पुड़िया (2 ग्राम) ब्राउन शुगर बरामद हुई. इसके अलावा एक मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त बाइक भी जब्त की गई. दोनों की निशानदेही पर ब्राउन शुगर खरीदने पहुंचे आसिफ शेख उर्फ बंगला को भी गिरफ्तार किया गया.
इसी दौरान शाम में पुलिस को पोर्टरखोली इलाके में दो लोगों द्वारा ब्राउन शुगर बेचने की सूचना मिली पास से 24 पुड़िया (3.5 ग्राम) और मुकेश के पास से 1 पुड़िया (करीब 0.15 ग्राम) ब्राउन शुगर तथा मोबाइल फोन बरामद किया गया.
पूछताछ में सभी आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे एक संगठित गिरोह के रूप में चक्रधरपुर में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री का अवैध कारोबार चला रहे थे पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और सप्लाई चेन की जांच में जुटी हुई है.


